जी भारत न्यूज24
सिंगापुर में भारतीय संस्कृति का परचम राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के ‘भारत रंग महोत्सव 2025’ के तहत ‘एक रंग, श्रेष्ठ रंग’ की भावना को समाहित किए 25वें अंतरराष्ट्रीय रंगमंच महोत्सव भारत का आयोजन 28 जनवरी से 16 फ़रवरी तक किया गया । इस बार ‘विश्व जन रंग’ के तहत विश्व के कई देशों के कलाकारों ने पंचम वेद नाट्यशास्त्र पर आधारित लघु नाट्य-प्रस्तुतियाँ साझा की । सिंगापुर की ओर से उगना नाट्य-मंडली ने भी ‘पंचम वेद नाट्यशास्त्र’ पर अपनी लघु नाट्य-प्रस्तुति ‘विश्व जन रंग’ के लिए भेजी थी । इस नाटक के मंचन में ‘मैथिल इन सिंगापुर’ और बिझार का सहयोग भी रहा । भरत मुनि का पात्र पंकज रॉय ने निभाया और पाँच ऋषियों की भूमिका अंजनी कुमार चौधरी, दिव्या मोहन, श्वेता वर्मा सिंघल, राजीव मिश्रा और शिवानी खीरवाल ने निभाई । इस लघु नाट्य-प्रस्तुति का छायांकन, संपादन और निर्देशन आराधना झा श्रीवास्तव ने किया । समय और संसाधन की चुनौती के बावजूद उगना नाट्य-मंडली सिंगापुर की ओर से तैयार प्रस्तुति की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई ।
16 फ़रवरी को भारत रंग महोत्सव 2025 के समापन-समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल श्री विनय कुमार सक्सेना के साथ, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के पूर्व निदेशक श्री रामगोपाल बजाज एवं भारतीय सिनेमा के अभिनेता श्री राजपाल यादव भी सम्मिलित थे । संस्कृति मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुश्री उमा नंदुरी ने समापन-समारोह में कहा कि रंगमंच के विस्तार के लिए सीमित संसाधन के बावजूद बेहतर काम करने का प्रयास आवश्यक है । राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के निदेशक श्री चितरंजन त्रिपाठी ने बताया कि इस बार कुल 2100 प्रस्तुतियाँ मंच पर दिखलाई गईं और ‘विश्व जन रंग’ के तहत ‘पंचम वेद नाट्यशास्त्र’ पर आधारित लघु नाट्य-प्रस्तुति के लिए 52 देशों के रंगमित्र कलाकारों का सहयोग मिला । समापन-समारोह में ‘उगना नाट्य-मंडली सिंगापुर’ की प्रस्तुति की झलकियाँ भी सम्मिलित थीं ।
विश्व के सबसे बड़े रंगमंच महोत्सव ‘भारत रंग महोत्सव’ की स्थापना वर्ष 1999 में हुई । अपनी स्थापना की रजत-जयंती पर 25वें अंतरराष्ट्रीय रंगमंच महोत्सव की ओर से विश्व कीर्तिमान स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था । 28 जनवरी से 16 फ़रवरी 2025 तक चले इस बीस दिवसीय महोत्सव में लगभग एक लाख दर्शकों ने भाग लिया ।
देवेश प्रताप सिंह राठौर, ब्यूरो चीफ




