जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव परिषदीय स्कूलों में जन भागीदारी एवं अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड मियागंज के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय आसीवन एवं प्राथमिक विद्यालय नई बस्ती में शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मियागंज मनींद्र कुमार, ए डी ओ पंचायत प्रवीर कुमार दुबे, सचिव सुमित कुमार, ग्राम प्रधान रंजीत यादव, कोटेदार, आशाबहू, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं बड़ी संख्या में बच्चे और उनके अभिभावक उपस्थित रहे। चौपाल में बी ई ओ मनींद्र कुमार तथा ए डी ओ प्रवीर कुमार ने जन समुदाय को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला एवं विद्यालयों में छात्र उपस्थिति को बढ़ाए जाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही व्यक्ति, समाज एवं देश का विकास संभव है इसलिए सभी अभिभावक अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजें। चौपाल में शासन द्वारा शिक्षा को बेहतर बनाए जाने वाले प्रयासों और छात्रों को दी जाने वाली सुविधाओं के विषय में विस्तृत रूप से बताया गया। साथ ही विद्यालय में अधिक उपस्थिति वाले छात्रों के अभिभावकों को सम्मानित किया गया तथा कम उपस्थिति वाले छात्रों के अभिभावकों से अपील की गई कि वे प्रतिदिन अपने बच्चों को विद्यालय भेजें। चौपाल को सफल बनाने में ए आर पी अभिषेक, दीप नारायण, प्रधान शिक्षक राजरानी एवं शिक्षक बाला जी, कुद्दूस अहमद, विभोर इत्यादि का विशेष सहयोग रहा।




