जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव।
बांगरमऊ कस्बे में नवस्थापित ग्राम न्यायालय का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। जिला जज अनिल वर्मा ने पूजन कर और फीता काटकर न्यायालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सीजेएम भव्या, अपर जिला जज सत्यभान सिंह और महेंद्र सिंह समेत अधिवक्ताओं व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
शुभारंभ अवसर पर जिला जज अनिल वर्मा ने कहा कि ग्राम न्यायालय की स्थापना ग्रामीणों को शीघ्र और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब ग्रामीणों को छोटे-मोटे वादों के लिए जिला मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि ग्राम न्यायालयों के माध्यम से आपसी विवाद, भूमि विवाद, पारिवारिक व नागरिक मामलों का निस्तारण स्थानीय स्तर पर किया जा सकेगा। इससे न्याय प्रक्रिया सरल, सुलभ व पारदर्शी बनेगी। जिला जज ने कहा कि न्यायिक प्रणाली का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना है। ग्राम न्यायालय की स्थापना इसी भावना का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को न्यायिक व्यवस्था में पारदर्शिता व समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही इस ग्राम न्यायालय की न्यायाधिकारी आकांक्षा अवस्थी ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया।
मालूम हो की काफी लंबे समय से तहसील क्षेत्र के ग्राम इस्माइलपुर आम्बापरा (कुर्मिन खेड़ा) निवासी उच्च न्यायालय खंडपीठ लखनऊ के वरिष्ठ अधिवक्ता तथा यश भारती सम्मान से सम्मानित प्रमुख समाजसेवी फारूक अहमद एडवोकेट द्वारा बांगरमऊ में ग्राम न्यायालय बनाए जाने की मांग चल रही थी। ग्राम न्यायालय बनवाये जाने के लिए अधिवक्ता ने उच्च न्यायालय खंडपीठ लखनऊ में जनहित याचिका दायर की थी। उच्च न्यायालय के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्राम न्यायालय बनाए जाने की घोषणा की थी। जिसके क्रम में आज नवस्थापित ग्राम न्यायालय का शुभारंभ हो गया।।




