जी भारत न्यूज24
90 प्रतिशत से अधिक मतदान होने पर संबंधित पंचायत को किया जाएगा पुरस्कृत
पिछले लोकसभा निर्वाचन में हुए मतदान से 10 प्रतिशत अधिक मतदान होने पर किया जाएगा पुरस्कृत
स्वीप अभियान में लापरवाही बरतने पर किया जाएगा दण्डित
भिण्ड।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में लोकसभा निर्वाचन 2024 की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित की गई। जिसमें लोकसभा निर्वाचन में शत्-प्रतिशत मतदान एवं मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को जागरूक करने के प्रयासों पर जोर दिया गया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले निर्वाचन में जिले का मतदान प्रतिशत कम रहा है इसलिए सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, सचिव और ग्राम रोजगार सहायक कम मतदान प्रतिशत वाले ग्राम एवं मतदान केन्द्र से संबंधित घर-घर जाकर संपर्क कर मतदान की अलख जगाएं। लोगों को मतदान का महत्व समझाएं और मतदान प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास करें। कोई भी मतदाता मतदान से वंचित नहीं रहे।
उन्होंने कहा कि जिन पंचायतों में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान होगा उन संबंधित पंचायत को पुरस्कृत किया जाएगा, पिछले लोकसभा निर्वाचन में हुए मतदान प्रतिशत से 10 प्रतिशत अधिक मतदान होने पर संबंधित पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही मतदान प्रतिशत बढ़ाए जाने हेतु चलाए जा रहे स्वीप अभियान में रुचि नहीं लेने एवं लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों को दण्डित किया जाएगा।




