जी भारत न्यूज24
उन्नाव। थाना बिहार क्षेत्र के पनहन गांव में मंगलवार देर रात एक कुएं में युवक का शव मिला। मृतक की पहचान पनहन निवासी 30 वर्षीय अमित पुत्र राधेश्याम के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। अमित बीते गुरुवार को किसी काम से घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शुरुआती तौर पर परिजनों ने सोचा कि वह किसी रिश्तेदार के यहां रुका होगा। अगले दिन भी अमित की कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उन्होंने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया। बता दे कि सूचना मिलते ही थाना बिहार पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला। पहचान के लिए परिवार के सदस्यों को बुलाया गया, जिन्होंने शव की पुष्टि अमित के रूप में की। पुलिस के अनुसार, शव कई दिनों पुराना प्रतीत हो रहा है। प्राथमिक जांच में मृत्यु का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने बताया कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस मामले की जांच दुर्घटना, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं से कर रही है। ग्रामीणों द्वारा भी कुछ आशंकाएं जताई गई हैं, जिनकी पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। अमित की मौत की खबर से परिवार सदमे में है। परिजनों ने बताया कि अमित का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह अपने रोजमर्रा के कामकाज में व्यस्त रहता था।




