जी भारत न्यूज24
उन्नाव। बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के पाही हरदो गांव में गुरुवार शाम एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका मिला। मृतका की पहचान 35 वर्षीय रीतू, पत्नी सतीश दीक्षित के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन मृतका के परिजनों ने इसे हत्या करार दिया है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के भाई ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की कि उसकी बहन की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है, ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके। बता दे कि भाई ने बताया कि रीतू की शादी करीब 10 साल पहले सतीश दीक्षित से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहा था। रीतू ने कई बार फोन पर उत्पीड़न की जानकारी दी थी, लेकिन परिवार ने सामाजिक मान-सम्मान के कारण मामले को शांत करने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता ने पति सतीश दीक्षित, ससुर शिव कुमार दीक्षित और सास गोमती देवी पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ये तीनों रीतू पर दहेज में पैसे और गहने लाने का लगातार दबाव बनाते थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। परिजनों के अनुसार, गुरुवार को उन्हें रीतू द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी। जब वे मौके पर पहुंचे, तो रीतू के शरीर पर चोट के निशान थे। परिजनों का आरोप है कि पहले उसकी हत्या की गई और फिर शव को फांसी पर लटकाया गया।




