सहायक संचालक लोक शिक्षण भोपाल द्वारा अवगत कराया गया है कि मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना में तथा भवन व अन्य सनिर्माण कर्मकार के रूप में पंजीकृत श्रमिको के पाल्यों को श्रमोदय विद्यालय में निःशुल्क प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दिया जाता है इस वर्ष की परीक्षा 21 जनवरी 2024 को सम्पन्न होगी। प्रवेश उपरांत छात्र-छात्राओं को उच्च कोटि की सुविधा प्रदान की जाती है। श्रमोदय विद्यालय भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, इन्दौर आदि जगह पर संचालित है।
सहायक संचालक लोक शिक्षण भोपाल ने बताया कि श्रमोदय विद्यालयों में सीबीएससी पाठ्यक्रम आधारित अध्यापन कार्य कराया जाता है, छात्र-छात्राओं के लिए उच्च कोटि की और पृथक-पृथक आवास व्यवस्था होती है इनमें छात्रों के लिए पुरूष वार्डन एवं छात्राओं के लिए महिला वार्डन होते है। छात्र-छात्राओं को पृथक-पृथक मेस होता है इनमें निर्धारित मेन्यु के अनुसार स्वादिष्ठ एवं गुणवत्तायुक्त नाश्ता, भोजन प्रदाय किया जाता है। विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य की देखभाल हेतु पृथक-पृथक महिला एवं पुरूष चिकित्सक की व्यवस्था होती है समय समय पर स्वास्थ्य परीक्षण होता है। इस हेतु विद्यालयों को स्वास्थ्य सेवा प्रदायकर्ता चिकित्सालय से विधवत अनुबंध किया जाता है।
विद्यालयों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं निःशुल्क गणवेश प्रदाय किया जाता है। संपूर्ण विद्यालयों की सफाई एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से सुनिश्चित की जाती है एवं सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। पाठ्येत्तर गतिविधियों के लिए समय≤ पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाते है। विद्यालय में स्मार्ट क्लास के माध्यम से अध्यापन कार्य कराया जाता है एवं गुणवत्तायुक्त कम्प्यूटर एवं अन्य प्रयोग शालाऐं स्थापित है। उत्तम परीक्षा परिणाम के लिए विद्यालयों में कार्य योजना बनाकर निदानात्मक गतिविधियां एवं रात्रिकालीन कक्षाऐं संचालित होती है। छात्र-छात्राओं के प्रगति प्रतिवेदन के लिए समय-समय पर पालक शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया जाता है। ठण्ड के मौसम में छात्र-छात्राओं को सोलर पेनल्स के माध्यम से गर्म पानी प्रदाय किया जाता है।
पंजीयकृत निर्माण श्रमिको के संतानो को श्रमोदय विद्यालयो में कई तरह की सुविधाऐं दी जाती है




