जी भारत न्यूज24
अभियान: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत थाना देहात भिंड पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी।
बरामदगी: सोनीपत (हरियाणा) से नाबालिग बालिका को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
तारीख: 23 मार्च 2026 को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट।
टीम: साइबर सेल और देहात थाना पुलिस की संयुक्त तकनीकी टीम ने की कार्रवाई।
भिंड (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत देहात थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हरियाणा के सोनीपत से एक लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (SP) श्री सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) श्री संजीव पाठक एवं नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) श्री निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 23 मार्च 2026 को एक फरियादी ने थाना देहात में अपनी 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के गुम होने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला पंजीकृत कर विवेचना में लिया था।
अपहृत बालिका की शीघ्र तलाश के लिए एक विशेष रणनीति तैयार की गई। थाना प्रभारी देहात निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में उप निरीक्षक नागेश शर्मा को बालिका को बरामद करने हेतु विशेष रूप से निर्देशित किया गया था।
तकनीकी साक्ष्य और खुफिया तंत्र से मिली सफलता
गठित पुलिस टीम ने अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय किया और आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल) की मदद ली। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार लोकेशन ट्रेस कर सोनीपत, हरियाणा से नाबालिग बालिका को सकुशल ढूंढ निकाला। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम:
इस सफल ऑपरेशन में देहात थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत, उप निरीक्षक नागेश शर्मा, उप निरीक्षक रत्ना जैन, आरक्षक आनन्द दीक्षित (साइबर सेल), ज्ञानेन्द्र मिश्रा, आरक्षक दलवीर जाट, अनिल जाट, दीपक जादौन, कुलदीप कसौटिया, म.आर. किरण कुशवाहा और राधा पचौरी की अत्यंत महत्वपूर्ण व सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अपील: आपातकालीन सहायता के लिए 112 डायल कर पुलिस बुलाएं और ऑनलाइन धोखाधड़ी (Cyber Fraud) होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें।




