जी भारत न्यूज24
भिंड। महान समाज सुधारक और क्रांतिवीर महात्मा ज्योतिबा फुले की 199वीं जयंती के पावन अवसर पर शनिवार को भिंड नगर में भव्य आयोजन किया गया। बीटीआई रोड स्थित सौगात रिसोर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में कुशवाह समाज सहित विभिन्न समाजों के हजारों लोगों ने शिरकत की, जिससे पूरा परिसर जनसैलाब से सराबोर नजर आया।
सामाजिक क्रांति का संदेश:
आयोजन का मुख्य उद्देश्य महात्मा फुले द्वारा जाति भेद और छुआछूत के खिलाफ छेड़ी गई जंग तथा महिला शिक्षा के क्षेत्र में उनके और सावित्रीबाई फुले के ऐतिहासिक योगदान को याद करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और महात्मा फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
दिग्गज नेताओं की उपस्थिति:
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुशवाह, आत्म दाश जी, प्रदेश सलाहकार रामबिहारी कुशवाह, अध्यक्ष कन्हैयालाल धाकड़, संभाग उपाध्यक्ष संजय राठौर और जिला अध्यक्ष मनोज कुशवाह सहित कई गणमान्य नागरिक मंच पर मौजूद रहे।
वक्ताओं का संबोधन:
वक्ताओं ने महात्मा फुले के संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके द्वारा दिखाया गया शिक्षा और सामाजिक समानता का मार्ग आज भी समाज के लिए प्रेरणापुंज है। कार्यक्रम में युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों और महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया।
रिपोर्ट: शिवराज सिंह कुशवाह (जिला ब्यूरो, जी भारत न्यूज़ 24)




