जी भारत न्यूज24
भिण्ड। जिले के उमरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अकहा में दबंगों द्वारा एक परिवार को प्रताड़ित करने और घर में घुसकर मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है और स्थानीय थाना पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्या है पूरा मामला?
शिकायती पत्र के अनुसार, घटना 6 मार्च 2026 की रात करीब 9:00 बजे की है। पीड़ित ज्ञानेंद्र उर्फ शीलू दोहरे अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी गांव के ही आकाश, अशोक, महेश, विवेक, छोटू सहित करीब 10-12 लोग पुरानी रंजिश को लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जब पीड़ित ने विरोध किया, तो उन्होंने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
घर में घुसकर की तोड़फोड़ और मारपीट
दबंगों से बचने के लिए जब पीड़ित घर के अंदर भागा, तो उसकी मां बेटीबाई ने दरवाजा बंद करने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपियों ने मां को घर के बाहर खींच लिया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद दबंगों ने घर का दरवाजा भी तोड़ दिया। पीड़ित ने इस पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल में कर ली, जिसे देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
थाना प्रभारी पर मिलीभगत का आरोप
पीड़ित पक्ष का सबसे गंभीर आरोप उमरी थाना प्रभारी पर है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि थाना प्रभारी द्वारा आरोपियों का सहयोग किया जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर पहुंचे, तो पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही ‘झूठा छेड़खानी का मुकदमा’ दर्ज करने की धमकी देकर भगा दिया।
न्याय के लिए दर-दर भटक रहा परिवार
पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्होंने इससे पहले 11 मार्च 2026 को भी पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सुरक्षा के अभाव में आरोपी लगातार घर आकर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। थक-हारकर परिवार ने 24 मार्च को पुनः वरिष्ठ अधिकारियों से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
मुख्य बिंदु:
स्थान: ग्राम अकहा, थाना उमरी, जिला भिण्ड।
पीड़ित: बेटीबाई और ज्ञानेंद्र उर्फ शीलू दोहरे।
आरोप: मारपीट, घर में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी।
प्रशासनिक शिकायत: एसपी भिण्ड को पुनः आवेदन देकर न्याय की मांग।




