जी भारत न्यूज24
उत्तर प्रदेश के उन्नाव। जिले में स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी की मिलावट का गंभीर मामला सामने आया है। अकरमपुर स्थित चतुर्भुज पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाने के तुरंत बाद एक कार और बाइक अचानक बंद हो गईं। गाड़ियों के मैकेनिक द्वारा जांच करने पर फ्यूल टैंक में पेट्रोल के साथ पानी होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। पीड़ितों की शिकायत पर आपूर्ति विभाग (सप्लाई डिपार्टमेंट) ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
दवा लेने जा रहे युवक की कार रास्ते में हुई बंद
पीड़ित नितिन के अनुसार, उन्होंने दोपहर करीब दो बजे अपनी सिलेरियो कार (UP35 BK 7968) में अकरमपुर स्थित चतुर्भुज पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाया था। इसके बाद वे दवा लेने के लिए शुक्लागंज जा रहे थे। जैसे ही वह जाजमऊ पुल के पास पहुंचे, कार बार-बार बंद होने लगी।
शुरुआत में लगा कि शायद पेट्रोल कम होने की वजह से ऐसा हो रहा है, लेकिन जब समस्या बढ़ती गई तो वे गाड़ी को हुसैन नगर मोड़ स्थित मारुति सुजुकी के शोरूम ले गए। वहाँ जब मैकेनिक ने जांच की, तो पता चला कि फ्यूल टैंक में पेट्रोल के साथ पानी मिला हुआ है।
बाइक सवार की गाड़ी में भी निकला पानी वाला पेट्रोल
पेट्रोल में मिलावट की शिकायत लेकर जब नितिन वापस पेट्रोल पंप पहुंचे, तो कर्मचारियों ने साफ इनकार कर दिया और गुणवत्तापूर्ण पेट्रोल देने का दावा किया।
इसी बहस के दौरान पंप से पेट्रोल भरवाकर निकला एक मोटरसाइकिल सवार भी कुछ दूरी पर रुक गया। उसकी बाइक भी बंद हो चुकी थी। कार मालिक का दावा है कि जब बाइक के टैंक से पेट्रोल निकाला गया, तो उसमें भी पानी की मिलावट पाई गई। इसके बाद मौके पर मौजूद अन्य ग्राहकों ने भी तेल की गुणवत्ता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी सख्त कार्रवाई
मामले को तूल पकड़ता देख जिला प्रशासन हरकत में आया है। सप्लाई इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया:
“पेट्रोल का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जा रहा है। लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की असल स्थिति साफ होगी और उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
पीड़ितों ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पेट्रोल पंप संचालक व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




