जी भारत न्यूज24
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के गलगलाहा गांव में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव निवासी राम शंकर (40 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मुन्नीलाल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार राम शंकर सुबह करीब 5:30 बजे शौच क्रिया के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही रहने वाले अरुण, पुती और उनके पुत्र से शौच को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि उक्त लोगों ने राम शंकर को जान से मारने की धमकी दी और पूरे परिवार सहित वहां से चले गए। इससे आहत होकर राम शंकर ने गांव के बाहर चपरवा बाग में शिवम भट्ठा के पास स्थित नीम के पेड़ से अंगौछे के सहारे फांसी लगा ली। मृतक की पत्नी का नाम विमला देवी है। राम शंकर अपने परिवार में छह भाइयों में से एक थे। उनके चार पुत्र हैं—कौशल (30 वर्ष), विशाल (28 वर्ष), शिवम (25 वर्ष) और शिवाजीत (20 वर्ष)। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस दुखद घटना से गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।




