जी भारत न्यूज24
सफीपुर उन्नाव। विकासखंड क्षेत्र के उनवां गांव में 25वें विराट संत सम्मेलन के दूसरे दिन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में दूर-दराज से आए संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा गांव धर्ममय वातावरण में सराबोर हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं संत पूजन के साथ की गई।
संत सम्मेलन में पहुंचे विभिन्न संप्रदायों के संतों ने अपने प्रवचनों के माध्यम से मानव जीवन में धर्म, सत्य, सेवा और सदाचार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।भिनकीपुर महंत स्वामी रामस्वरूप ब्रम्हचारी ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को आध्यात्मिक जागरूकता की अत्यंत आवश्यकता है, जिससे आपसी प्रेम, भाईचारा और नैतिक मूल्यों को मजबूत किया जा सके। उन्होंने नशामुक्त समाज, आपसी सद्भाव और सामाजिक कुरीतियों को त्यागने का संदेश भी दिया।
आयोजन स्थल पर भजन-कीर्तन और सत्संग का सिलसिला दिनभर चलता रहा, जिसमें श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। ग्रामीणों ने संतों के प्रवचनों को ध्यानपूर्वक सुना और उनसे प्रेरणा लेने की बात कही।
कार्यक्रम के आयोजक बद्री नारायण तिवारी, श्री कांत तिवारी, अभय श्रीवास्तव , अभिषेक श्रीवास्तव, रजनी कांत ने बताया कि यह विराट संत सम्मेलन पिछले 25 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है और इसका उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, ग्राम प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सम्मेलन के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन से उनवां गांव क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का केंद्र बनकर उभरा।




