जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव।
कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर क्षेत्र के प्रसिद्ध नानामऊ गंगा तट पर हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगाजल में आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालु भक्तों ने स्नान-ध्यान के बाद दान- दक्षिणा अर्पित कर पंडों से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर पवित्र गंगा तट पर विशाल मेला भी लगा। मेले में शांति व्यवस्था हेतु तहसील और पुलिस प्रशासन द्वारा कोतवाली भी स्थापित की गई l क्षेत्र के ग्राम गहरपुरवा के निकट आगरा लखनऊ एक्सप्रेस गंगा नदी पुल के निकट भी बड़ी संख्या में लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई l
कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर क्षेत्र के नानामऊ गंगा तट पर बीते मंगलवार की शाम से बुधवार तक स्नानार्थियों का आवागमन जारी रहा। श्रद्धालु अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ निजी साधनों व ट्रैक्टर ट्रालियों से नानामऊ पवित्र तट पर पहुंचे। नगर व क्षेत्र के कई संभ्रांत परिवारों द्वारा रावटी व तंबू आदि लगाकर शिविर स्थापित किया गया। कार्तिक पूर्णिमा पर क्षेत्र के अलावा सीमावर्ती जनपद हरदोई के मल्लावां, कासिमपुर, कुरसठ, सण्डीला व माधौगंज तथा लखनऊ क्षेत्र के मलिहाबाद व काकोरी से भी बड़ी संख्या में महिलाएं ,बच्चे व पुरूष श्रद्धालु अपने निजी साधनों से पवित्र गंगा की धारा में डुबकी लगाने पहुंचे। मेले में जहां बच्चों ने खिलौने और मिष्ठान खरीदा, वहीं महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधनों की जमकर खरीदारी की। श्रद्धालु भक्तों ने पवित्र गंगा तट पर पंडों से श्री सत्यनारायण भगवान की कथा श्रवण कर उन्हें दान-दक्षिणा दिया।
इनसेट
क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत कटियार द्वारा नानामऊ गंगा तट पर बीते मंगलवार की शाम मां गंगा की आरती का सामूहिक आयोजन किया गया। सर्वप्रथम पवित्र गंगा तट पर चौक पूरित की गई। फिर आचार्य रामदेव शास्त्री द्वारा वेद मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा का पूजन अर्चन कर आरती उतारी गई । सामूहिक आरती कार्यक्रम में विधायक की धर्मपत्नी विभा कटियार , नीरज गुप्ता ,अंशुल कटियार ,शुभम कटियार जयपाल सिंह पटेल व ज्ञानेंद्र तिवारी आदि श्रद्धालु शामिल हुए।
इनसेट
कांग्रेस नेत्री आरती बाजपेयी की ओर से गंगा तट पर शिविर लगाकर खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। नगर स्थित सुभाष इंटर कालेज के पूर्व शिक्षक स्वर्गीय रमाकांत शुक्ला के पुत्र एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव कुमार शुक्ला ने अपने परिजनों के साथ गंगा तट पर श्रद्धालुओं को खिचड़ी भोज कराया गया। इसी तरह प्रमुख समाजसेवी सपा नेता मोहम्मद इमरान सिद्दीकी ने भंडारे का आयोजन किया। जिसमें हजारों श्रद्धालु भक्तों ने भोजन किया। इस मौके पर सपा नेता श्री सिद्दीकी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से आपसी भाईचारा बढ़ता है और कटुता दूर होती है। सपा के वरिष्ठ नेता आलोक त्रिपाठी द्वारा गंगा तट पर शिविर स्थापित कर सभी श्रद्धालुओं को खिचड़ी भोज में आमंत्रित किया गया। प्रमुख समाजसेवी वरिष्ठ अधिवक्ता रामपाल यादव ने भी गंगा तट पर शिविर लगाकर गरमा गरम चाय वितरित की।
इनसेट
स्थानीय तहसील के उपजिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला द्वारा श्रद्धालुओं को सभी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए करीब एक दर्जन राजस्व कर्मियों को तैनात किया गया। जबकि मेले में शांति व्यवस्था एवं सुरक्षा हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा कोतवाली भी कायम की गई। जहां से राजस्व विभाग के कर्मचारी और सीओ संतोष कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मी शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु मेले मे भ्रमण करते रहे। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा चिकित्साधीक्षक डॉ मुकेश कुमार के नेतृत्व में गंगा मेले के दौरान चिकित्सा शिविर स्थापित किया गया। शिविर में सैकड़ों मरीजों ने जांच बाद निःशुल्क दवाएं हासिल की।
इनसेट
कार्तिक पूर्णिमा पर नानामऊ गंगा नदी पुल के दोनों तरफ कानपुर बिल्हौर और कोतवाली बांगरमऊ द्वारा भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई। जिससे गंगा पुल पर आज जाम की स्थिति नहीं बन सकी। हालांकि पुल से छोटे वाहनों और रोडवेज बसों का आवागमन जारी रहा। जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न
हीं हो सकी।




