जी भारत न्यूज24
उत्तर प्रदेश जनपद कन्नौज। में बुधवार की रात घर के लिए सब्जी लेने निकले एक श्रमिक की तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब श्रमिक जीटी रोड पार कर रहा था। हादसा बहुत दर्दनाक था, बदलेपुर्वा जेंबा गांव निवासी 30 वर्षीय ज्ञानू पुत्र राजाराम दोहरे मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाता था। ज्ञानू बुधवार रात करीब आठ बजे मजदूरी करके घर लौटा था और इसके बाद गोवर्धनी तिराहा पर सब्जी लेने गया था। जब वह चौराहे पर जीटी रोड पार कर रहा था, तभी फर्रुखाबाद से कानपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह उछलकर सड़क पर जा गिरा और सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे की खबर मिलते ही मृतक की पत्नी मंजू बेसुध हो गईं और घर में कोहराम मच गया। तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और फरार कार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
देवेश प्रताप राठौर ब्यूरो चीफ उत्तर प्रदेश




