जी भारत न्यूज24
उत्तर प्रदेश बांगरमऊ, उन्नाव स्थानीय तहसील कार्यालय सभागार में आज जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। समाधान दिवस पर विधायक श्रीकांत कटियार भी मौजूद रहे। इसलिए आज फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। इस मौके पर नगर के मोहल्ला पटेल नगर निवासिनी एक आवास विहीन विधवा महिला ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर बताया कि मोहल्ले के सभासद द्वारा बीस हजार रुपए सुविधा शुल्क की मांग पूरी न कर पाने के चलते उसे अभी तक प्रधानमंत्री आवास शहरी नहीं मिल सका है।
आज शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम श्री राठी ने आते ही स्कूल चलो अभियान अंतर्गत बच्चों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाद में जनसुनवाई शुरू होने पर क्षेत्र के ग्राम मेला आलमशाह स्थित राम जानकी मंदिर के पुजारी बाबा रामखेलावन दास ने शिकायत दर्ज कराई कि मंदिर के नाम करीब पांच बीघा खेत राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। किंतु इस जमीन पर दबंगों का जबरन कब्जा है। विरोध करने पर दबंग झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। नगर के मोहल्ला कस्बा टोला निवासिनी वृद्धा सरला पत्नी विश्वनाथ ने डीएम से समाज कल्याण विभाग द्वारा उसकी वृद्धावस्था पेंशन अकारण रोक देने की शिकायत की। जबकि नगर के संडीला मार्ग स्थित मिश्रा मार्केट के कमलेश चंद्र, सुरेन्द्र गुप्ता, शशांक पटेल व लक्ष्मी नारायण आदि व्यापारियों ने शिकायती पत्र प्रस्तुत कर बताया कि उनकी दुकानों के सामने दर्जनों आटो और ई-रिक्शा खड़े रहते हैं। जिससे जाम लग जाता है और इससे उनका व्यवसाय चौपट हो गया है। व्यापारियों ने इन सभी वाहनों को संडीला मार्ग स्थित बस स्टैंड पर खड़े कराने की पुरजोर मांग उठाई। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, एडीएम राजस्व एवं वित्त सुशील कुमार, उपजिलाधिकारी शुभम यादव, पुलिस उपाधीक्षक अरविंद कुमार, तहसीलदार साक्षी राय, प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह, बेहटा थाना प्रभारी मुन्ना कुमार खंड विकास अधिकारी निशा सागर विश्वकर्मा व खंड शिक्षा अधिकारी देवेन्द्र सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इनसेट।
तहसील समाधान दिवस पर आज नगर के मोहल्ला सरोजिनी नगर स्थित बेसिक प्राथमिक विद्यालय द्वारा स्कूल चलो अभियान अंतर्गत पोस्टर और विभिन्न स्लोगन का स्टाल लगाकर प्रचार प्रसार किया गया।
इसके अलावा उ.प्र.राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत संचालित ब्लाक बांगरमऊ के राधारानी महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा उत्पादित सामानों की प्रदर्शनी लगाई गई।
इनसेट।
जिलाधिकारी गौरांग राठी द्वारा समाधान दिवस पर दिनेश कुमार व विनय कुमार सहित तीन दिव्यांगों को ट्राई साइकिल और किसान पंकज, बलीराम, केदारनाथ व बेचेलाल को बीज किट तथा अंबिका गुप्ता, बुशरा व वैष्णवी बालिकाओं को कन्या सुमंगला योजना अंतर्गत सात-सात हजार रुपए एवं काजल, सिमरन, सुनैना व शिवानी बच्चों के अभिभावकों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना अंतर्गत ढाई-ढाई हजार रुपए की चेकें आवंटित की गईं।
इनसेट।
समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में वाटर कूलर आरओ प्लांट का लोकार्पण एवं वृक्षारोपण तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भी वृक्षारोपण किया। इसके पूर्व डीएम श्री राठी ने तहसील परिसर में स्थित बाढ़ राहत केंद्र का भी निरीक्षण किया।
सुभाष सिंह,ब्यूरो चीफ उन्नाव




