जी भारत न्यूज24
मोंठ (झांसी)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में मोंठ थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेहरूनगर गांव के पास नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार के कहर और आगे निकलने की होड़ में बियर और सब्जी से लदे दो ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए। इस हादसे में दोनों ट्रकों के चालक घायल हो गए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात कानपुर की ओर से झांसी की तरफ जा रहे दो ट्रक काफी तेज गति में थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों वाहन एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों ट्रक नेहरूनगर गांव के पास सड़क के बीचों-बीच पलट गए। ट्रकों के पलटने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित रहा।
पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मोंठ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल चालकों को ट्रक से बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मोंठ में भर्ती कराया।
बुधवार सुबह हादसे की जानकारी मिलते ही आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने ट्रक में लदी बियर की बोतलों के नुकसान का आकलन किया। वहीं, पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया।
जांच में जुटी पुलिस
मोंठ पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है। घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
रिपोर्ट: देवेश प्रताप सिंह राठौर
ब्यूरो चीफ (उत्तर प्रदेश), ज़ी भारत न्यूज़ 24




