जी भारत न्यूज24
मुरैना। भारत सरकार द्वारा आयोजित होने वाली आगामी जनगणना 2026 को लेकर मुरैना जिले में प्रशासनिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। अब प्रशासन 1 मई से ज़मीनी स्तर पर मकान सूचीकरण का कार्य शुरू करने जा रहा है।
कलेक्टर के नेतृत्व में रणनीति तैयार
प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी और कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के मार्गदर्शन में 24 से 26 मार्च तक मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया गया। जिला जनगणना अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर अरविन्द माहौर ने बताया कि अब ये ट्रेनर्स 1 अप्रैल से प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) को फील्ड की बारीकियां सिखाएंगे।
जनगणना 2026: मुरैना जिले का पूरा खाका
प्रथम चरण की अवधि: 01 मई से 30 मई 2026 तक।
मुख्य कार्य: मकान सूचीकरण (House Listing)।
जनसंख्या का अनुमान: 2011 में जिला की आबादी करीब 19.65 लाख थी, जो 2027 तक बढ़कर 25.71 लाख पहुंचने का अनुमान है।
कुल ब्लॉक: जिले में 3,474 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं।
टीम की तैनाती: 3,474 प्रगणक और 581 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
कौन होगा जिम्मेदार?
प्रशासन ने व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में तहसीलदार और शहरी क्षेत्रों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को चार्ज अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं नगर निगम क्षेत्र के लिए 4 जोनल अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे।
1 अप्रैल से शुरू होगा अगला पड़ाव
जिले के 73 फील्ड ट्रेनर्स 1 अप्रैल से अपनी-अपनी तहसीलों और नगरीय निकायों में प्रगणकों को ट्रेनिंग देंगे। इस दौरान उन्हें घर-घर जाकर जानकारी जुटाने और डिजिटल/मैन्युअल डेटा संकलन की विस्तृत प्रक्रिया समझाई जाएगी।




