जी भारत न्यूज24
गढ़ा (छतरपुर) | बाघेश्वर धाम
स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल भारत के निर्माण के उद्देश्य से निरंतर सक्रिय स्वस्थ समृद्ध खुशहाल भारत मिशन को एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक समर्थन प्राप्त हुआ है।
मिशन परिवार के राष्ट्रीय संयोजक अजय भैया ग्राम गढ़ा स्थित श्री बाघेश्वर धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बालाजी महाराज के दिव्य दर्शन कर बाघेश्वर धाम पीठाधीश्वर पूज्य संत धीरेन्द्र शास्त्री महाराज से सौजन्य भेंट की।
इस अवसर पर अजय भैया ने पूज्य सरकार को स्वस्थ समृद्ध खुशहाल भारत मिशन के उद्देश्यों एवं अब तक किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मिशन देशभर में स्वास्थ्य, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, किसान उत्थान, गौ संरक्षण एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
अजय भैया ने पूज्य सरकार को अवगत कराया कि इन राष्ट्रहितकारी विषयों को जन–जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 21 फरवरी से एक पदयात्रा आयोजित की जा रही है।
यह गौ–ग्राम–किसान–पर्यावरण समृद्धि यात्रा दंदरौआ धाम से प्रारंभ होकर ओरछा धाम तक जाएगी।
इसी यात्रा हेतु संत समाज का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए वे पूज्य सरकार के दरबार में उपस्थित हुए हैं।
पूज्य संत धीरेन्द्र शास्त्री महाराज ने मिशन के कार्यों की भूरि–भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यह कार्य राष्ट्र, समाज और संस्कृति के हित में अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने यात्रा को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की तथा अजय भैया को दुपट्टा पहनाकर आशीर्वाद प्रदान किया। पूज्य सरकार ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पदयात्रा निश्चित रूप से सफल होगी और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी।
इस अवसर पर स्वस्थ समृद्ध खुशहाल भारत मिशन के
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के.के. प्रजापति,
समाजसेवी कमलेंद्र पटेल,
छतरपुर जिला अध्यक्ष नीरज पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मिशन परिवार ने पूज्य सरकार के आशीर्वाद को यात्रा की आध्यात्मिक शक्ति और प्रेरणा बताते हुए संकल्प व्यक्त किया कि
गौ, ग्राम, किसान और पर्यावरण के संरक्षण के माध्यम से भारत को स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल बनाने का अभियान निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।




