जी भारत न्यूज24
मुरैना। कैलारस थाना क्षेत्र में एक महिला अधिवक्ता के साथ पुलिसकर्मी द्वारा अभद्रता किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद अधिवक्ता संगठनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा बिना किसी वारंट के एक 72 वर्षीय बुजुर्ग को थाने में बैठाए जाने की सूचना पर महिला अधिवक्ता अल्पना सिकरवार अपने सहयोगी अधिवक्ता अक्षय भदौरिया के साथ कैलारस थाने पहुंचीं। उन्होंने थाने में पदस्थ उप निरीक्षक मनोज यादव से बुजुर्ग को थाने में बैठाने का कारण पूछा।
आरोप है कि इस दौरान पुलिस अधिकारी द्वारा न केवल संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, बल्कि महिला अधिवक्ता के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। इतना ही नहीं, महिला पुलिसकर्मी के माध्यम से गिरफ्तारी की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। वायरल वीडियो में पुलिस अधिकारी का व्यवहार आपत्तिजनक रूप में देखा और सुना जा सकता है।
वीडियो सामने आने के बाद अधिवक्ता संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब थाने में एक महिला वकील के साथ इस तरह का व्यवहार किया जा सकता है, तो आम नागरिकों के साथ पुलिसिया रवैये का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
यह घटना एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि जब थाने में वकील या पत्रकार भी सवाल नहीं कर सकते, तो कानून के तहत जवाबदेही तय कराने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा?




