जी भारत न्यूज24
सुरखियां (Highlights):
सरकार की जिम्मेदारी है कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार और अवसर उपलब्ध कराए।
युवा राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है, उसके सम्मान व संवेदनाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए।
लाखों मेहनती एवं संघर्षशील युवाओं को अपमानित करना उचित नहीं।
भिण्ड | हाल ही में देश के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) की युवाओं को लेकर की गई ‘कॉकरोच’ संबंधी टिप्पणी पर पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी (पत्रकार) ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि देश का युवा राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है और उसके सम्मान व संवेदनाओं का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।
शब्दों की गरिमा और संवेदनशीलता में भी दिखना चाहिए न्याय
वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंकज त्रिपाठी ने न्यायपालिका के सम्मान को सर्वोपरि बताते हुए कहा:
“न्यायपालिका देश का सर्वोच्च एवं सम्मानित संस्थान है, इसलिए न्याय केवल फैसलों में ही नहीं बल्कि शब्दों की गरिमा और संवेदनशीलता में भी दिखाई देना चाहिए। युवाओं को अपमानित करने वाली किसी भी टिप्पणी से समाज में गलत संदेश जाता है।”
दोषियों पर हो कार्रवाई, पर पूरी युवा पीढ़ी का अपमान गलत
फर्जी डिग्री और गलत कार्यों के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं भी फर्जी डिग्री या गलत कार्य हो रहे हैं, तो दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन इसकी आड़ में लाखों मेहनती एवं संघर्षशील युवाओं को सामूहिक रूप से अपमानित करना कहीं से भी उचित नहीं है।
भाजपा सरकार में बढ़ी बेतहाशा बेरोजगारी
पंकज त्रिपाठी ने केंद्र व राज्य की सत्तासीन सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार में बेतहाशा बेरोजगारी बढ़ी है। आज लाखों की तादाद में देश का युवा बेरोजगार भटक रहा है। जबकि सरकार और पूरी व्यवस्था की यह नैतिक व संवैधानिक जिम्मेदारी होती है कि वे युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराएं।
युवाओं को दबाने के बजाय सम्मान दे सरकार
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने आगे कहा कि आज का युवा जागरूक है, वह चुप बैठने वाला नहीं है। वह सरकार से अपने हक के सवाल पूछता है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने का कार्य करता है। ऐसे में युवाओं की आवाज को दबाने या उनका अपमान करने के बजाय उन्हें सम्मान और नए अवसर दिए जाने चाहिए।
उन्होंने अंत में दोहराया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से युवाओं के सम्मान, अधिकार और उनके सुनहरे भविष्य की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी पूरी ताकत से लड़ती रहेगी, क्योंकि युवा ही इस देश का असली वर्तमान और भविष्य हैं।




