जी भारत न्यूज24
ब्यूरो रिपोर्ट: देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की झांसी पुलिस लाइन में आयोजित की जा रही 69वीं अन्तर्जनपदीय पुलिस वैज्ञानिक अनुसंधान (कम्प्यूटर, पुलिस फोटोग्राफी, एंटी सबोटॉज चेक एवं वीडियोग्राफी) प्रतियोगिता-2026 का सफल समापन हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) झांसी, बीबीजीटीएस मूर्ति रहे, जिन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।
3 दिनों तक चला तकनीकी और वैज्ञानिक कौशल का मुकाबला
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता दिनांक 02 जुलाई 2026 से 04 जुलाई 2026 तक पुलिस लाइन झांसी में आयोजित की गई। इसमें कानपुर जोन की कुल 09 टीमों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कम्प्यूटर, पुलिस फोटोग्राफी, एंटी सबोटॉज चेक और वीडियोग्राफी जैसी विभिन्न आधुनिक विधाओं में अपनी तकनीकी और वैज्ञानिक दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
झांसी टीम ने मारी बाजी, चल वैजयंती पर किया कब्जा
कड़े मुकाबले के बीच झांसी की पुलिस टीम ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बदौलत सर्वाधिक 443 अंक प्राप्त किए और प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करते हुए ‘चल वैजयंती’ पर कब्जा जमाया।
एसएसपी झांसी ने विजेता टीमों और शानदार प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी की सराहना करते हुए कहा:
“भविष्य के अपराधों से निपटने के लिए पुलिस का तकनीकी रूप से दक्ष होना बेहद जरूरी है। सभी प्रतिभागी भविष्य में भी इसी प्रकार अपनी तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक कौशल को निरंतर विकसित करते रहें।”
समापन समारोह में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस गरिमा मयी समापन समारोह के अवसर पर पुलिस अधीक्षक लाइन अरीबा नोमान, क्षेत्राधिकारी लाइन्स प्रिया सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पन्नालाल मौर्य मौजूद रहे। वहीं प्रतियोगिता को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने वाले निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. विजय कुमार यादव, डॉ. आकाश कुमार, डॉ. सूर्यकान्त गुप्ता और आरटीओ निरीक्षक राजकुमार मिश्रा सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




