पंकज त्रिपाठी
भिण्ड । समाज के निर्धन तथा वंचित वर्गों को सुलभ एवं समुचित तरीके से त्वरित न्याय दिलाने तथा ‘‘न्याय सभी के लिए’’ संकल्प को आगे बढ़ाते हुए माननीय न्यायमूर्ति रोहित आर्या प्रशासनिक न्यायमूर्ति म.प्र. उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर एवं सह-अध्यक्ष उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति ग्वालियर द्वारा समाधान आपके द्वार अभियान का आरंभ किया गया है। इस संकल्प को आगे ले जाने तथा अभियान की अधिकतम सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भिण्ड पूर्णतः वचनबद्ध है।
जिला पंचायत भिण्ड के सभागार में लेवल- 1 एवं लेवल- 2 एवं लेवल-3 के अधिकारिया एवं कर्मचारियों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन वर्चुअल एवं ऑनलाईन वीडियों कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से किया गया जिसमें जिला भिण्ड हेतु गठित क्लस्टर के लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिमांशु कौशल, जिला न्यायाधीशध्सचिव जिविसेप्रा भिण्ड, अंकुर रवि गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर, रवि मालवीय एस.डी.एम. भिण्ड,पराग जैन एस.डी.एम. अटेर एवं गोहद, समस्त विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण,समस्त तहसीलदार एवं पटवारी,सचिव,कोटवार,बीट गार्ड आदि उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित रहे एवं उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु रूपरेखा तैयार की गई। समाधान आपके द्वार योजना के अंतर्गत लेवल-1, लेवल-2 अधिकारियों को चिन्ह्ति किये जाने वाले प्रकरणों की प्रकृति तथा संबंधित पक्षों के मध्य सुलह-समझौता के माध्यम से मामलों के निराकरण की प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण प्रदाय किया गया एवं समस्त वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उक्त कार्यक्रम में उपस्थित लेवल-3 के कर्मचारियों को अवगत कराया गया कि उन्हें किस प्रकार से प्रकरण को चिन्हित कर उनका निराकरण कराया जाना है। कुटुम्ब न्यायालय के प्रकरणों के बारें में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी ग्राम का परिवारिक विवाद या पति-पत्नी का विवाद यदि उत्पन्न है तो उसे किस प्रकार से आपसी समझाइश देकर मध्यस्थता के माध्यम से समाप्त किया जा सकता है इस बारें में भी जानकारी दी गई तथा दिनांक 24 फरवरी, 2024 को आयोजित होने वाले ‘‘समझौता-समाधान शिविर’’ में अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया गया।




