जी भारत न्यूज24
उन्नाव। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय परिसर में महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कांग्रेसजनों ने सत्याग्रह किया। इस दौरान आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को समाप्त किए जाने के मुद्दे पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उपाध्यक्ष संगठन चंद्र प्रकाश शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने बापू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए उसे दोमुंही राजनीति करार दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमत सिंह ने कहा कि मनरेगा अधिनियम में बदलाव कर भाजपा और उसकी सहयोगी सरकारों ने यह साबित कर दिया है कि उनके मन में महात्मा गांधी के प्रति कोई सच्ची श्रद्धा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की कथनी कुछ और करनी कुछ और है।
अध्यक्षता कर रहे उपाध्यक्ष संगठन चंद्र प्रकाश शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एवं उसके अनुषांगिक संगठनों की गांधी जी के प्रति नीयत ठीक नहीं है। इसी कारण उन्होंने मनरेगा अधिनियम को समाप्त कर गांधी जी के नाम को मिटाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि आज 80 से अधिक देशों में महात्मा गांधी की प्रतिमाएं स्थापित हैं और वे देशवासियों के हृदय में बसे हुए हैं। बापू के नाम को मिटाने का यह प्रयास कभी सफल नहीं होगा और देश की जनता इसका जवाब आने वाले चुनावों में देगी। गोष्ठी को पूर्व जिला अध्यक्ष जंग बहादुर सिंह, जितेंद्र सिंह जीतू, प्रदीप शर्मा, मणिकांत, संजीव श्रीवास्तव, अनुराग सिंह, राकेश अग्निहोत्री, बाबूराम निषाद, आशुतोष शर्मा, सैयद सैफ, गौरीश अवस्थी, संदीप सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।




