जी भारत न्यूज24
भिण्ड। नेशनल हाईवे-719 पर टोल टैक्स की नई दरों से वसूली किए जाने की घोषणा का कांग्रेस ने कड़ा विरोध किया है। जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने आरोप लगाया है कि जिस टोल को लंबे समय से बंद करने की मांग की जा रही है, उसे बंद करने के बजाए पीएनसी (PNC) कंपनी द्वारा 1 अप्रैल से बढ़ी हुई दरों से वसूली का फैसला लिया गया है। यह संत समाज, पूर्व सैनिक और आम जनता के साथ वादाखिलाफी है।
कांग्रेस नेता पंकज त्रिपाठी ने कहा कि नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही नेशनल हाईवे-719 स्थित दोनों टोल प्लाजा बरही और बरेठा की दरों में भारी बढ़ोतरी की घोषणा की गई है।
त्रिपाठी ने कहा कि ‘रोड नहीं तो टोल नहीं’ आंदोलन के तहत संत समाज, समाजसेवी संगठन, भूतपूर्व सैनिक संगठन, कांग्रेस पार्टी और उन परिवारों ने लगातार संघर्ष किया है जिन्होंने इस मौत के हाइवे पर अपनों को खोया है। एमपीआरडीसी (MPRDC) अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी पीएनसी कंपनी ने टोल टैक्स की कीमतें बढ़ाकर सभी आंदोलनकारियों का घोर अपमान किया है, जो कि बेहद निंदनीय है।
उन्होंने याद दिलाया कि 16 मार्च 2026 के आंदोलन के दौरान एमपीआरडीसी के अधिकारियों द्वारा आंदोलनकारियों को लिखित में दिया गया था कि वह डीपीआर (DPR) बनाकर 30 मार्च 2026 तक नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) को भेजेंगे। साथ ही टोल बंद कराने की कार्यवाही भी कराएंगे।
लेकिन एमपीआरडीसी एवं पीएनसी कम्पनी ने आंदोलन करने वालों के साथ वादाखिलाफी करते हुए सरेआम चोरी और सीनाजोरी की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि कांग्रेस पार्टी इस तानाशाही को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और जल्द ही बैठक कर आगे की उग्र रणनीति तैयार की जाएगी।




