जी भारत न्यूज24
झांसी। के दीनदयाल सभागार में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों का महासम्मेलन; कमिश्नर ने दिए पंचायत भवनों में ‘शिकायत पेटिका’ लगाने के निर्देश
झांसी। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पंचायती राज विभाग द्वारा झांसी के पं० दीनदयाल उपाध्याय सभागार में “संवाद एवं सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तरीय ग्राम प्रधान व प्रशासक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, एमएलसी श्रीमती रमा निरंजन, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड सहित बड़ी संख्या में प्रधान और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत के हर क्षेत्र में बिना भेदभाव के हो विकास: विधायक राजीव सिंह
कार्यक्रम के दौरान बबीना विधायक श्री राजीव सिंह “पारीछा” ने ग्राम प्रधानों और प्रशासकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा:
“सभी प्रधान अपनी ग्राम पंचायतों के प्रत्येक क्षेत्र को समान दृष्टि से देखें। आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्य कराए जाएं, ताकि समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी योजनाओं का लाभ मिल सके। जनसमुदाय से निरंतर संवाद बनाकर उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करें।”
वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने सरकार के 12 वर्षों के विश्वास, विकास और जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। एमएलसी श्रीमती रमा निरंजन ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में लाभार्थीपरक योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने का अनुरोध किया।
कमिश्नर की बड़ी सीख: पंचायत भवनों में स्थापित हों ‘सुझाव व शिकायत पेटिका’
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मण्डलायुक्त श्री बिमल कुमार दुबे ने ग्राम प्रधानों को एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक मंत्र दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ग्राम प्रधान अपने-अपने पंचायत भवनों में सुझाव एवं शिकायत पेटिका (Complaint Box) की स्थापना अनिवार्य रूप से करें। कमिश्नर ने कहा कि प्रतिदिन इन पेटिकाओं को खोलकर ग्रामीणों की समस्याओं को देखा जाए, जिससे गांव की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो सके और गांवों का चौमुखी विकास संभव हो।
सराहनीय कार्य करने वाले 5 मुख्यमंत्री पुरस्कार विजेता प्रधान और प्रेरक सम्मानित
कार्यक्रम में अपने पदीय दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों, प्रेरकों और केयरटेकरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया:
मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार प्राप्त प्रधान: श्री हरी किशन (चमरौआ), श्री अनिल कुमार (गढवा), श्री रविन्द्र कुमार (छिरौना), श्री धनीराम (हरपुरा) और पानकुंवर (बेला)।
उत्कृष्ट पंचायत सहायक: सावित्री रायकवार (घुघुवा), श्री दुर्गा प्रसाद (बबीना रूरल) और कु० काजल नामदेव (चिरगांव रूरल)।
सम्मानित खंड प्रेरक: श्री राजदीप त्रिपाठी (बबीना), श्री सुनील कुमार (बंगरा), श्री अनिल कुमार (चिरगांव), श्री प्रशान्त दुबे (मोठ) और श्री परमेश्वरी दयाल (मऊरानीपुर)।
सामुदायिक शौचालय केयरटेकर: श्रीमती मदीना (सिमरावारी), वन्दना राजपूत (कडूरा) और श्रीमती किरन देवी (टहरौलीखास)।
विभागीय प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) डॉ० बाल गोविन्द श्रीवास्तव ने विगत 12 वर्षों में पंचायती राज विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में लागू की गई योजनाओं और बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
समारोह के समापन पर उपनिदेशक (पंचायत) श्री अजय आनन्द सरोज ने मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, मण्डलायुक्त और अन्य जनप्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। इस दौरान उपनिदेशक (सांख्यकीय) एस०एन० त्रिपाठी सहित जिले के तमाम अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट: देवेश प्रताप सिंह राठौर
ज़ी भारत न्यूज़ 24 (झांसी)




