जी भारत न्यूज24
उन्नाव। ब्लॉक सिकंदरपुर कर्ण के उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरी पीपरखेड़ा, कंपोजिट में भाषा उत्सव की आज की गतिविधि भाषा अन्वेषण क्लब का आयोजन राज्य पुरुस्कार प्राप्त शिक्षिका डा.रचना सिंह के संयोजन में हुआ।
छात्र- छात्राओं में भारतीय भाषाओं और साहित्य के प्रति गहन लगाव को प्रोत्साहित करने तथा सांस्कृतिक सहानुभूति एवं भाषायी विशिष्टता के माध्यम से राष्ट्रीय एकीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिक्षा मंत्रालय,भारत सरकार द्वारा “Many languages, One Emotion” थीम पर आधारित 7 दिवसीय भारतीय भाषा उत्सव का आयोजन 4 दिसंबर से 11 दिसंबर 2025 तक महान राष्ट्रवादी तमिल कवि श्री सुब्रमण्यम भारती जी की जयंती के अवसर पर किया जाएगा। विद्यालय की शिक्षिका तथा राज्य संदर्भदाता समूह की सदस्या डॉ रचना सिंह ने बताया कि इन साप्ताहिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को बढ़ावा देने के लिए एक अतिरिक्त भारतीय भाषा को सीखने हेतु प्रेरित किया जाएगा।इस साप्ताहिक गतिविधि के सातवें दिन विद्यालय में भाषा अन्वेषण क्लब के अंतर्गत बच्चों ने विभिन्न भाषाओं में पानी को क्या कहते हैं, की जानकारी हासिल की।बच्चों ने हिंदी,संस्कृत,उर्दू,मराठी,तमिल , तेलुगू,मलयालम,गुजराती तथा बांग्ला ,मराठी भाषा में पानी को क्या कहते हैं जाना तथा लिखा। डॉ रचना सिंह ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों की रचनात्मकता बढ़ेगी तथा दूसरी भाषाओं के प्रति प्रेम और जिज्ञासा बढ़ेगी जिससे वे अन्य भाषाओं को सीखने का प्रयास करेंगे,उनका शब्दकोश बढ़ेगा।नवीन ज्ञान से उनकी रुचि शिक्षण में बनी रहती है तथा नित कुछ नया सीखने के लिए बच्चे अपनी कक्षा से अनुपस्थित भी नहीं होते हैं।विद्यालय में बच्चों द्वारा भाषा वॉल का निर्माण किया जा रहा है जिस पर बच्चों ने हिंदी,संस्कृत,उर्दू,अंग्रेजी तथा अन्य भाषाओं में लिखी स्वयं की कविताओं,कहानियों को,अब तक की प्राप्त अपनी जानकारी को संगृहीत किया है।




