जी भारत न्यूज24
झांसी/गरौठा। जनपद झांसी में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी झांसी मुकुल चौधरी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के कड़े निर्देशन में गरौठा इलाके में छापेमारी कर बिना रॉयल्टी के संचालित हो रहे दो डंपरों को ज़ब्त किया गया है।
संयुक्त टीम की घेराबंदी में फंसे डंपर
एसडीएम गरौठा सुनील कुमार एवं क्षेत्राधिकारी (CO) गरौठा पीयूष कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। टीम ने इलाके में घेराबंदी कर कानपुर की ओर जा रहे दो डंपरों को रोका। जांच के दौरान चालक वाहनों से संबंधित कोई भी वैध रॉयल्टी या दस्तावेज़ पेश नहीं कर सके।
पुलिस अभिरक्षा में वाहन
पकड़े गए दो डंपरों में से एक को मौके से सीधे थाने लाया गया है। वहीं, दूसरा डंपर डूडा स्थित पेट्रोल पंप के पास तकनीकी खराबी के कारण फंस गया, जिसे पुलिस ने तत्काल अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अभियान रहेगा जारी
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनपद में किसी भी प्रकार का अवैध खनन या परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन की यह संयुक्त कार्रवाई भविष्य में भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगी ताकि अवैध कारोबारियों पर लगाम कसी जा सके।
रिपोर्ट: देवेश प्रताप सिंह राठौर, उत्तर प्रदेश (झांसी)




