जी भारत न्यूज24
भिंड (म.प्र.)। जन अभियान परिषद भिंड के अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति ज्ञानपुरा (कुरौली) द्वारा प्रकर्ष फाउंडेशन के संरक्षण में ग्राम ज्ञानपुरा में ‘जल गंगा संवर्धन’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञान की देवी मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शासकीय हाई स्कूल ज्ञानपुरा के प्राचार्य जरनैल सिंह कुशवाह उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर सह-शिक्षक योगी सिंह भदौरिया, राहुल सिंह तोमर और समाजसेवी राकेश सिंह भदौरिया मौजूद रहे।
जल संकट समय की सबसे बड़ी मांग: प्राचार्य
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री जरनैल सिंह कुशवाहा ने कहा:
“जल ही जीवन का असली आधार है। आज जिस तरह से भू-जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है, उसे देखते हुए जल गंगा संवर्धन जैसे अभियान समय की बहुत बड़ी मांग हैं। शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों को इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए, ताकि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित और खुशहाल भविष्य दे सकें। हर व्यक्ति को कम से कम एक जल स्रोत को पुनर्जीवित करने का संकल्प लेना चाहिए।”
संस्था का उद्देश्य समुदाय को जागरूक करना: मोहन कुशवाह
प्रकर्ष फाउंडेशन के सचिव मोहन कुशवाह ने संस्था के विजन पर बात करते हुए बताया कि हमारी संस्था का मुख्य उद्देश्य समुदाय को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। प्रकर्ष फाउंडेशन के माध्यम से हम गाँवों में जल संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सहयोग से ही हम जल संकट जैसी बड़ी चुनौती का सामना कर सकते हैं। आज ज्ञानपुरा में आयोजित यह कार्यक्रम इसी दिशा में एक मज़बूत कदम है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित:
इस महत्वपूर्ण आयोजन में प्रकर्ष फाउंडेशन से उप-सचिव सुश्री आरती राजावत और सदस्य रिंकी रायपुरिया उपस्थित रहीं। वहीं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति ज्ञानपुरा कुरौली के अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह भदौरिया, सदस्य रामनारायण सिंह, सुश्री दिशा भदौरिया, रूबी भदौरिया और खुश्वेंद्र सिंह भदौरिया ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अलावा समाजसेवी रामभान सिंह भदौरिया और राहुल सिंह भदौरिया आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में समिति की सदस्य दीक्षा भदौरिया ने सभी अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया और स्वल्पाहार देकर सभी का आभार व्यक्त किया।




