जी भारत न्यूज24
उत्तर प्रदेश झांसी। यातायात नियमों का पालन करने, रोड सेफ्टी का महत्व समझने और नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित “यातायात माह नवम्बर” के क्रम में दीन दयाल सभागार झाँसी में “यातायात समापन सप्ताह” कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी झाँसी मृदुल चौधरी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, झाँसी बी बी जी टी एस मूर्ति द्वारा भाग लिया गया ।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ0. अरविन्द कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, आरटीओ राजेश कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी यातायात देवेन्द्र नाथ मिश्र, अर्जुन अवार्ड विजेता अशोक ध्यानचन्द, प्रभारी निरीक्षक यातायात उमा कान्त ओझा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे । कार्यक्रम के अंत में सभी के द्वारा राष्ट्रगान गाकर इस कार्यक्रम को समाप्त किया गया ।
जिलाधिकारी झाँसी द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं, अधिकारी/कर्मचारीगण तथा आमजनमानस को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक,झाँसी द्वारा सभी को सम्बोधित करते हुये कहा कि सड़क पर वाहन चलाने से पहले यातायात नियमों का ज्ञान होना अतिआवश्यक है । यातायात नियमों का पालन करने से काफी हद तक सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है । दुर्घटनाओं से बचने के लिये लोगों को यातायात नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है । दो-पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें । बाइक पर तीन सवारी न बैठायें । चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट बांधे तथा नशे की हालत में गाड़ी कदापि न चलायें । अपनी साइड पर निर्धारित गति सीमा में वाहन चलायें । वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें । और उनके द्वारा बताया गया कि व्यक्ति का जीवन अमूल्य होता है इसे किसी भी प्रकार की लापरवाही करके खतरे में नहीं डालना चाहिए। प्रत्येक अभिभावक एवं माता-पिता अपने बच्चों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करें ।
जिलाधिकारी झाँसी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी द्वारा पूरे माह विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से यातायात माह नवम्बर का सफल संचालन करने वाले सभी यातायात कर्मियों का आभार जताया । यातायात माह में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ट्रैफिक इंस्पेक्टर एवं यातायात कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यातायात माह का मुख्य उद्देश्य आमजनमानस में यातायात नियमों के प्रति व्यापक जागरूकता व सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा ।
देवेश प्रताप सिंह राठौर ब्यूरो चीफ उत्तर प्रदेश




