जी भारत न्यूज24
जिला कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर से रेत के अवैध उत्खनन एवं ओवरलोड परिवहन पर रोक लगाने की मांग की
भिण्ड । जिले में बड़े पैमाने पर खदानों से रेत के अवैध उत्खनन एवं ओवरलोड परिवहन के विरोध में ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में जिला कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर किरोड़ीलाल मीना को एक शिकायत पत्र सौपा ।
ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि रेत माफियाओ ने भिण्ड जिले में सिन्ध नदी में पनडुब्बी एवं मशीनो से रेत खनन करके सिन्ध नदी को छलनी कर दिया है,जिससे जल जीव एवं वातावरण प्रभावित हुआ है। सबसे अधिक अवैध उत्खनन विधानसभा क्षेत्र मेहगाँव में सिंध नदी की जितनी रेत खदाने है उनमें हो रहा है रेत खनन हेतु रायल्टी 15 से 16 घनमीटर के लिये काटी जाती है,लेकिन बडे – बडे ट्रोला ओवरलोड करके 32 से 35 घनमीटर रेत भरकर भाजपा और खनिज विभाग के संरक्षण में निरन्तर चल रहे है। ऐसी स्थिति में रायल्टी की दर एवं ओवरलोड वाहनो पर रोक लगायी जानी चाहिये,क्योंकि इससे राजस्व की हानि हो रही है और ऐसे ओवरलोड परिवहन के कारण अनगिनत हादसे हो रहे जिनमें कई लोगों की जाने चली गई और कई जीवन भर के लिए अपाहिज हो गए हैं।
बघेल ने कहा कि भिण्ड विधानसभा क्षेत्र में रेत संबंधित कम्पनियो की दरो में भेद किया जा रहा है। गरीब नागरिको के ट्रेक्टर पर 4500 रूपये पर रायल्टी ली जा रही है और दबंग और बेजेपी से संबंधित लोगो से मात्र 2500 रूपये प्रति ट्रेक्टर रायल्टी ली जा रही है ऐसी स्थिति मे गरीबो को भी समानता का अवसर दिलाया जाना चाहिए । बघेल ने कहा कि मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के अमायन थाना अंतर्गत सबसे अधिक बिना रॉयलटी और ओवरलोड वाहन पुलिस के संरक्षण में संचालित हो रहे है। रेत माफिया गरीब किसानो के खेतो में बल पूर्वक रास्ता बना लेते है रोकने पर झगडा करने पर आमादा रहते है।रेत माफियाओं के डर से गरीब नागरिक परेशान होते हुये भी पुलिस में शिकायत नही कर पाते है। बघेल ने रेत खदान कम्पनी पर रेत का अवैध उत्खनन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रेत खदान के लिये जिस कम्पनी को जो खदान आबंटित है,उस कम्पनी को कितने क्षेत्र से रेत उठाना है बिना सीमांकन के दुगुनी – चौगुनी जगह में रेत कम्पनियाँ रेत उठा रही है,ऐसी स्थिति में सीमांकन कराया जाकर सीमा चिन्ह निर्धारित कराये जाना चाहिए ।
उन्होंने कहा कि रेत माफियाओ के हौसले बुलंद होकर खुलेआम अवैध उत्खनन कर ओवरलोड वाहन संचालित कर रहे है,अमायन की सडक के अलावा अन्य सड़कों पर रात में बिना रॉयल्टी और ओवरलोड वाहनो का नजारा देखा जा सकता है।
कांग्रेस ने कलेक्टर से जाँच कराकर सही रायल्टी निर्धारित कर ओवरलोड वाहनो पर रोक लगायी जाने एवं अवैध तरीके से अवैध उत्खनन रोके जाने हेतु प्रभावी कार्यवाही करने की मांग की है। जिला कांग्रेस ने रेत के अवैध उत्खनन एवं ओवरलोड परिवहन नहीं रोका गया तो बड़े आंदोलन करने की चेतावनी दी ।
प्रतिनिधि मंडल में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष जय श्रीराम बघेल, उपाध्यक्ष महेश जाटव,मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी,अरविंद यादव,राजेंद्र यादव,राजवीर सिंह बघेल,अभिलाख सिंह यादव फौजी,मोहर सिंह जामोर,रामसेवक मौर्य,संदीप बघेल,प्रमोद बघेल,रोहित अर्गल उपस्थित रहे।




