जी भारत न्यूज24
लहार थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा पर 8 लाख 30 हजार रुपये के शपथ पत्र बनाकर स्टाम्पों पर जबरन हस्ताक्षर कराने का आरोप
पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखा पत्र
भिण्ड । मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कहा कि जिले की लहार विधानसभा क्षेत्र के थानों में स्थानीय विधायक अम्बरीष शर्मा के द्वारा पुलिस अधीक्षक भिण्ड से मिलकर राजनैतिक लाभ पहुंचाने के लिए अपने चहेते थाना प्रभारियों की पदस्थापना करा ली हैं,तथा पिछले एक वर्ष में थाना लहार सहित अन्य थानों में अनेकों असत्य प्रकरण में कई निर्दोष लोगों को फसाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। डॉ. सिंह ने कहा कि थाना प्रभारी लहार रविन्द्र शर्मा द्वारा पूर्व से ही असत्य प्रकरणों में फसाकर निर्दोष नागरिकों को अपमानित करने का कार्य किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी लहार रविन्द्र शर्मा ने दतिया में पदस्थी के दौरान काग्रेस पार्टी के नेताओं को बगैर किसी अपराध के थाने में बन्द कर रस्सी से बांधकर उल्टा लटकार लाठियों से पीटा था, तथा आमजनता को भयभीत करने के उद्देश्य से उक्त घटना के फोटो भी वायरल कराये थे,उक्त प्रकरण में रविन्द्र शर्मा के विरूद्ध राजनैतिक दबाब के कारण आज दिनांक तक कोई कार्यवाही नहीं की जाने से उनके हौसले बुलन्द हैं। डॉ. सिंह द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बताया कि रूपराम सोनी निवासी लहार को दिनांक 25 मार्च 2025 को दो आरक्षक भेजकर पत्नी सहित बुलाकर थाने में बन्द कर जबरन प्रदीप शर्मा निवासी मेहराबुजुर्ग के पक्ष में देनदारी दिखाकर 830000/- (आठ लाख तीस हजार) रूपये का शपथ पत्र बनाकर स्टाम्पों पर हस्ताक्षर करा लिये।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. गोविंद सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि रविन्द्र शर्मा जैसे निरकुंश थाना प्रभारी लहार के कारनामों की जिले के बाहर के वरिष्ठ अधिकारी से जांच करायें तो सत्यता उजागर हो जावेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से भृष्टाचार एवं अनैतिक कृत्य में लिप्त थाना प्रभारी लहार रविन्द्र शर्मा के खिलाफ कार्यवाही कर दण्डित करने की मांग की।




