जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव।
ग्राम प्रधान और सचिव ने मिलकर मात्र चार फिट चौड़ी पगडंडी पर मनरेगा से 12 फिट चौड़े कच्चे मार्ग का निर्माण करा डाला। जिससे किसानों के खेतों में खड़ी लाखों रुपए कीमत की गेहूं की फ़सल बर्बाद हो गई। किसानों की शिकायत पर एसडीएम ने निर्माण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का फरमान जारी कर दिया है। क्षेत्र की ग्राम पंचायत जामड़ में पड़ोसी गांव जिरिक पुर और फरीदपुर कट्टर के काश्तकारों की खेतिहर जमीन स्थित है। पीड़ित गनेशी , विजयी, रमेशचंद्र, बेचेलाल, मानदेवी, रामचंद्र , फूलकली व वेद कुमार आदि काश्तकारों द्वारा उपजिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला को दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि उनके खेतों के बीच राजस्व विभाग के मानचित्र में मात्र 4 फिट की पगडंडी है। इसी पगडंडी पर ग्राम पंचायत जामड़ के प्रधान और सचिव द्वारा मनरेगा योजना से करीब 12 फिट चौड़े कच्चे मार्ग का जबरन निर्माण कराया जा रहा है। जिससे करीब आधा दर्जन काश्तकारों के खेतों में खड़ी गेहूं की फ़सल बर्बाद हो गई है और यदि निर्माण पर तत्काल रोक न लगाई गई तो अन्य दर्जनों किसानों की लाखों रुपए कीमत की फ़सल बर्बाद हो जाएगी। एसडीएम श्री शुक्ल ने खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह को कच्चे मार्ग के निर्माण पर तत्काल रोक लगाए जाने का निर्देश दिया है।




