जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव।
डीजे पर डांस के दौरान वर और वधू पक्ष के युवकों के बीच जमकर लात-घूंसे और डंडे चले। सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने गंभीर घायल आधा दर्जन लोगों को यहां के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने दूल्हा और दुल्हन के भाई सहित तीन लोगों को नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। झगड़े के बाद बिना दुल्हन के ही बारात बैरंग वापस लौट गई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चकपीर नगर निवासी मोतीलाल विश्वकर्मा की बेटी शीलू की शादी सीतापुर जिले के थाना नैमिषारण्य अंतर्गत ग्राम गयावर निवासी कैलाश के बेटे सुमित से होना था। बीते सोमवार को बैंड-बाजा के साथ बारात वधू के दरवाज़े आई। वधू के भाई अजय ने बताया कि बारातियों द्वारा भोजन करने और जयमाला कार्यक्रम के बारात में शामिल नशे में धुत कुछ युवक डीजे पर डांस करने लगे। तभी डांस कर रहे युवक वधू पक्ष के लोगों से अभद्रता और गाली-गलौज करने लगे। जिससे बारातियों और वधू पक्ष के लोगों के बीच कहासुनी होने लगी। मामला तूल पकड़ते ही दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसों और और डंडों से हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची 112 डायल किसी तरह झगड़ा शांत कराया और वर पक्ष के दो लोगों को कोतवाली लाई। साथ ही पुलिस ने झगड़े में घायल दूल्हा सुमित 25., दुल्हन के भाई अजय 20 तथा वधू पक्ष के रमन 25, सचिन 26, उमेश 20 व अंकित 30 को यहां की सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाज़ुक देखकर दूल्हा सुमित व दुल्हन के भाई अजय सहित तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। झगड़े में दूल्हे के भी घायल हो जाने के चलते भांवरें नहीं पड़ सकीं और बारातियों को दुल्हन के बगैर बैंरग वापस लौटना पड़ा। कोतवाल अनुराग सिंह ने बताया कि झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। दो बारातियों को हिरासत में लेकर उनसे घटना के बाबत पूछताछ की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा घटना की तहरीर नहीं दी गई है।




