जी भारत न्यूज24
गोहद (भिंड) | 15 मई 2026
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा एवं प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के निर्देश पर आज भिंड जिले के गोहद चौराहा पर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव शांति कुशवाह ने की।
बढ़ती महंगाई और आर्थिक नीतियों के विरोध में शांति कुशवाह ने साइकिल चलाकर एक अनोखा प्रदर्शन किया और केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
महंगाई से आम जनता की कमर टूटी: शांति कुशवाह
प्रदर्शन के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव शांति कुशवाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में देश की जनता पर महंगाई का बोझ असहनीय हो चुका है। स्थिति इतनी बदतर हो गई है कि अब आम लोगों के पास अपनी गाड़ियों में पेट्रोल भरवाने तक के पैसे नहीं बचे हैं।
प्रधानमंत्री के बयानों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा:
““सोना मत खरीदो, पेट्रोल बचाओ” का उपदेश देने वाले प्रधानमंत्री खुद तो बड़े-बड़े वीआईपी काफिलों में घूमते हैं, जबकि देश की आम जनता महंगाई और बेरोजगारी की दोहरी मार झेल रही है। देश की महिलाओं के पास सोना खरीदने के पैसे पहले भी नहीं थे, और अब मोदी सरकार ने देश को ऐसे आर्थिक संकट में धकेल दिया है कि राहत देने के बजाय जनता को ही नसीहतें दी जा रही हैं।”
देश के आर्थिक हालातों पर उठाए सवाल
श्रीमती कुशवाह ने देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserve) भारी दबाव में है। गलत आर्थिक नीतियों के कारण पेट्रोल और सोने जैसी आवश्यक व आयातित वस्तुएं आम जनता की पहुंच से पूरी तरह दूर होती जा रही हैं।




