जी भारत न्यूज24
भिंड। जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के नेतृत्व में शुक्रवार को भिंड में नगर पालिकाओं और नगर परिषदों की बदहाल स्थिति को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुरानी जेल स्थित हनुमान मंदिर से कलेक्ट्रेट तक विशाल रैली निकालकर भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मध्य प्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर कलेक्टर एल.के. पाण्डे को सौंपा।
पहली ही बारिश में खुली विकास के दावों की पोल
रैली को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई बारिश ने सरकार के तथाकथित विकास के दावों की हवा निकाल दी है। करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद पहली ही बारिश में सड़कें, नालियां और जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। यह इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि विकास कार्यों में भारी भ्रष्टाचार, अनियमितता और गुणवत्ता की अनदेखी की गई है।
श्री बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने पूर्व में भी ज्ञापनों और जनआंदोलनों के माध्यम से बदहाल जल निकासी और सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाया था, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। यदि समय रहते कदम उठाए गए होते, तो आज आम जनता, व्यापारियों, विद्यार्थियों और मरीजों को जलभराव जैसी दिक्कतों का सामना न करना पड़ता।
कांग्रेस की मुख्य मांगें
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने जिले की सभी नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर निम्नलिखित मांगें उठाईं:
उच्चस्तरीय जांच: सड़क, नाली, सीसी रोड, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, नाला सफाई, वित्तीय व्यय और कर्मचारियों के नियोजन की स्वतंत्र तकनीकी एवं प्रशासनिक जांच कराई जाए।
कठोर कार्रवाई व वसूली: संदिग्ध अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई हो और शासकीय धन की वसूली की जाए।
उचित व्यवस्था: जलभराव की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए जल निकासी का स्थाई समाधान किया जाए।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
रामशेष बघेल ने स्पष्ट किया कि यदि शासन-प्रशासन ने जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) जनहित में चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रमुख नेताओं की मौजूदगी
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान मनोज देपुरिया, जय श्री राम बघेल, डॉ. रणवीर सिंह यादव, डॉ. शिवेंद्र सिंह कुशवाह, महेश जाटव, कृष्ण गोपाल चौरसिया, सुशीला नरवरिया, वीरेंद्र यादव, बाबूराम जामोर, पंकज त्रिपाठी, राजीव कौशिक, संदीप मिश्रा, रामस्वरूप गोयल, महेंद्र सिंह कुशवाह, देवेंद्र निगम, केदार कौशल, बदन सिंह राठौर, रामजीलाल वाल्मीकि, नारायण कुशवाह, दीपेंद्र सिंह फौजी, रामसिया राठौर, बृजेंद्र सिंह कुशवाह (कल्लू), अजमेर सिंह नरवरिया, राहुल सिंह कुशवाह, अरविंद यादव (हैवदपुरा), रूप सिंह खन्ना, सुल्तान सिंह नरवरिया, राजवीर सिंह बघेल, बल्लू बघेल (पार्षद), अजय शर्मा, रामवीर सिंह यादव, अरविंद अरेले, संदीप बघेल, प्रमोद बघेल, राजेंद्र यादव, अभिलाख यादव, अभिषेक मौर्य, गोपाल मिश्रा आस्तीक, विवेक जामोर, रामविनोद शर्मा, विकास नरवरिया, मोहर सिंह जामोर, राघवेंद्र जाटव, संदीप यादव और मनीष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




