जी भारत न्यूज24
उन्नाव। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दृष्टिगत, आज दिनांक 27.10.2025 उन्नाव जिले के प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना गंगाघाट क्षेत्रांतर्गत प्रमुख पूजा स्थल मिश्रा घाट का सघन निरीक्षण किया। यह निरीक्षण विशेष रूप से संध्याकालीन अर्घ्य के महत्वपूर्ण दिन से पहले सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की तैयारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया। निरीक्षण दल में गौरांग राठी (जिलाधिकारी, उन्नाव), जय प्रकाश सिंह (पुलिस अधीक्षक, उन्नाव), सुशील कुमार (अपर जिलाधिकारी, उन्नाव), अखिलेश सिंह (अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी), क्षितिज द्विवेदी (उपजिलाधिकारी सदर) और दीपक यादव (सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर) शामिल थे। अधिकारियों ने घाट पर पहुँचकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, और गोताखोरों की तैनाती का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से पानी के बहाव और गहराई, बैरिकेडिंग, तथा चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया।वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों और स्थानीय आयोजकों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। प्रशासन ने छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पूर्ण तैयारी कर ली है और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें।




