जी भारत न्यूज24
रिपोर्ट: देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी (उत्तर प्रदेश)। जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) झांसी के सख्त निर्देशों के क्रम में बबीना क्षेत्र में बिना मान्यता (अमान्य) धड़ल्ले से चलाए जा रहे एक प्राइवेट स्कूल पर प्रशासनिक टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। तहसील प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुँचकर विद्यालय को बंद कराते हुए सील कर दिया।
बिना मान्यता नर्सरी से कक्षा 7 तक चल रहा था स्कूल
कार्रवाई के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी बबीना अंतिमा, नायब तहसीलदार बबीना अजीत यादव और जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) रत्नेश त्रिपाठी की टीम मौके पर पहुँची। बबीना स्थित ‘खैलार पब्लिक स्कूल / किड्स केयर एकेडमी’ बिना किसी वैधानिक मान्यता के नर्सरी से कक्षा 7 तक संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान स्कूल में 120 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत पाए गए।
दोबारा खोलने पर 1 लाख का जुर्माना और FIR की चेतावनी
प्रशासनिक टीम ने स्कूल को तत्काल बंद कराते हुए मुख्य भवन पर ताला लगाकर उसे सील कर दिया। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी स्कूल का संचालन किया गया, तो 1 लाख रुपये का अर्थदंड (जुर्माना) वसूला जाएगा और प्रबंधक के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जाएगी।
सरकारी स्कूलों में कराया जाएगा 120 बच्चों का दाखिला
शासन ने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए खैलार में स्थित परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए हैं। उन्हें अभिभावकों से संपर्क कर सभी 120 बच्चों का नामांकन नजदीकी सरकारी स्कूलों में कराने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि बच्चों की पढ़ाई का नुकसान न हो।
अभिभावकों से अपील व हेल्पलाइन नंबर जारी
अधिकारियों ने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का प्रवेश किसी भी बिना मान्यता प्राप्त (अमान्य) विद्यालय में न कराएं।
किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अभिभावक नीचे दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
हेल्पलाइन नंबर: 9554588609 एवं 9453004097




