जी भारत न्यूज24
उन्नाव। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स स्टेडियम में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला।सदर विधायक पंकज गुप्ता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्नाव के बच्चे आज विदेशों में भी देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस स्टेडियम के विकास के लिए एक साल में 15 करोड़ रुपये से अधिक की राशि लाई गई है। हाल ही में दीनदयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिम और बैडमिंटन कोर्ट का भी उद्घाटन किया गया था। बैडमिंटन प्रतियोगिता में चंद्रवीर, अलंकृति, वत्सल, प्राची आदर्श और आदित्य ने प्रथम स्थान हासिल किया। दौड़ प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 1500 मीटर दौड़ में सुमित और सरोज आनंद विजेता बने। 800 मीटर दौड़ में लवकुश, मीनाक्षी, सानिया और काजल ने जीत दर्ज की, जबकि 400 मीटर दौड़ में अजय सिंह, अमित, काजल और शालिनी ने बाजी मारी। इस आयोजन को सफल बनाने में बिछिया की युवा कल्याण अधिकारी विजेता तिवारी और सिकंदरपुर करण की आदर्श त्रिवेदी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल, युवा कल्याण अधिकारी चांदनी, ललित द्विवेदी, पंकज अवस्थी और मयंक मिश्रा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।




