जी भारत न्यूज24
उत्तर प्रदेश।उन्नाव (सफीपुर), 27 जुलाई* – लखनऊ निवासी मुरारी सिंह अपनी बेटी इशिका को RO-ARO परीक्षा दिलाने के लिए ओला कैब से सफर करते हुए गूगल मैप के जरिए हसनगंज पहुंच गए। वहां जानकारी मिली कि परीक्षा केंद्र सफीपुर का राजकीय बालिका इंटर कॉलेज है। समय कम था, तो उन्होंने फौरन गाड़ी मोड़ी और सफीपुर की ओर रवाना हो गए।
परीक्षा शुरू होने में सिर्फ 2-3 मिनट बाकी थे और परीक्षा केंद्र रेलवे क्रॉसिंग के पार 500 मीटर की दूरी पर था। क्रॉसिंग बंद देख इशिका ने गाड़ी से उतरकर दौड़ना शुरू कर दिया।
इसी दौरान केंद्र भ्रमण कर लौट रहे सफीपुर थाना प्रभारी एसएन त्रिपाठी की नजर दौड़ती हुई छात्रा पर पड़ी। हालात समझते ही उन्होंने तुरंत सरकारी गाड़ी मोड़ी और इशिका को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया। पुलिस अधिकारी ने छात्रा को समय रहते केंद्र में प्रवेश भी दिलाया।
घटना से परेशान पिता मुरारी सिंह ने जब बेटी को समय से केंद्र में जाते देखा, तो उन्होंने राहत की सांस ली और थाना प्रभारी का आभार जताया।
सुभाष सिंह,ब्यूरो चीफ उन्नाव




