जी भारत न्यूज24
भरभराकर सड़क पर गिरा पूरा मकान, मलबे में दबी दुकान… गनीमत से टला बड़ा हादसा
झांसी (उत्तर प्रदेश) | देवेश प्रताप सिंह राठौर:
उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित थाना कोतवाली क्षेत्र के दतिया गेट इलाके में शनिवार तड़के 4 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ करीब 100 साल पुराना एक जर्जर तीन मंजिला मकान अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया। मकान के गिरते ही जोरदार धमाके जैसी आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और देखते ही देखते पूरी सड़क मलबे से पट गई।
मलबे में दबी परचूनी की दुकान
तड़के हुए इस हादसे में मकान के नीचे संचालित वीरू साहू की परचूनी की दुकान भी मलबे की चपेट में आ गई और पूरी तरह दब गई। हालांकि, राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि हादसे के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था। जिसके चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बिजली आपूर्ति बंद, राहत कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और विद्युत विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कराई गई ताकि किसी तरह का करंट या शॉट सर्किट न हो। इसके तुरंत बाद सड़क पर फैले मलबे को हटाने और मार्ग बहाल करने का काम शुरू कर दिया गया।
फिलहाल प्रशासन की निगरानी में राहत और बचाव कार्य जारी है। लेकिन इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों के बीच यह बड़ा सवाल उठ रहा है कि आखिर 100 साल पुराने इस जर्जर मकान पर शासन-प्रशासन ने समय रहते ध्यान क्यों नहीं दिया?




