जी भारत न्यूज24
उन्नाव (उत्तर प्रदेश)। सावन मास की मासिक शिवरात्रि के पावन अवसर पर आगामी 11 अगस्त (मंगलवार) को जनपद उन्नाव में एक भव्य और ऐतिहासिक शिव शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा परियर स्थित ऐतिहासिक बाबा बालखंडेश्वर मंदिर से प्रातः 10 बजे प्रारंभ होकर उन्नाव शहर के प्रमुख बड़े चौराहे तक 50 किलोमीटर का लंबा सफर तय करेगी। यात्रा के समापन पर बड़े चौराहे पर भगवान शिव की विशाल प्रतिमा की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने रविवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान इस भव्य आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा की।
50 किमी के मार्ग में जगह-जगह होगा भव्य स्वागत
विधायक ने बताया कि बड़े चौराहे पर पूर्व में स्थापित प्रतिमा स्थल का जनभावनाओं और क्षेत्रीय मांग के अनुरूप सौंदर्यीकरण कराया गया है। अब वहां भोले बाबा के भव्य स्वरूप की पुनर्स्थापना की जा रही है।
यह शोभायात्रा परियर के बालखंडेश्वर मंदिर से शुरू होकर बहरौला, हाजीपुर, बसधना, फतेहपुर, पिपरी, बनी, पिंडोखा, देवारा, सहजनी, गंगाघाट और शुक्लागंज होते हुए उन्नाव शहर में प्रवेश करेगी। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा, जलाभिषेक, भंडारे और सांस्कृतिक-धार्मिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। यात्रा में भगवान शिव की आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति व संस्कारों से जोड़ने का प्रयास
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा, “सावन के पवित्र महीने में बड़े चौराहे पर भोले बाबा की प्रतिमा की पुनर्स्थापना समस्त उन्नाववासियों के लिए गौरव का विषय है। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ी को सनातन धर्म, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है।”
प्रेसवार्ता के दौरान विधायक ने समुद्र मंथन के प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि भगवान शिव ने विषपान कर संसार को त्याग और परोपकार का संदेश दिया था। उन्होंने वर्तमान समय में पारिवारिक संस्कारों में आ रही गिरावट पर चिंता व्यक्त की और कहा कि बच्चों में बुजुर्गों के प्रति सेवा और सम्मान की भावना जागृत करना अति आवश्यक है।
तैयारियां अंतिम चरण में
शोभायात्रा को लेकर परियर से लेकर उन्नाव शहर तक व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। स्थानीय नागरिकों और शिवभक्तों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह है। 11 अगस्त को यात्रा के बड़े चौराहे पहुंचने के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होगी, जिसके बाद महाआरती का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।




