जी भारत न्यूज24
मुरैना (अंबाह)। मुरैना जिला प्रशासन अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों के भंडारण और उनके व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के सख्त निर्देशों के बाद अंबाह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। चंबल कॉलोनी के पास की गई इस छापामार कार्रवाई में कुल 30 घरेलू इंडेन गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर हुई संयुक्त कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ को चंबल कॉलोनी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण की सूचना मिली थी। इसके बाद अनुविभागीय अधिकारी (SDM) अंबाह रामनिवास सिकरवार के मार्गदर्शन में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। इस टीम में तहसीलदार अंबाह और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी शामिल थे।
दुकान और मकान पर छापा, 30 सिलेंडर बरामद
अधिकारियों की टीम ने चंबल कॉलोनी अंबाह के पास स्थित मुदगल बर्तन हाउस पर औचक दबिश दी। यहाँ से टीम को 10 इंडेन कंपनी के घरेलू सिलेंडर मिले। इसके बाद टीम ने पास ही स्थित दिनेश शर्मा के मकान पर छापा मारा, जहाँ से 20 घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए। प्रशासन ने दोनों जगहों से कुल 30 घरेलू सिलेंडरों को अपनी कस्टडी में ले लिया है।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज
अंबाह प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के जमाखोरों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों ही मामलों में संबंधितों के पास सिलेंडरों के भंडारण को लेकर कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। अब आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के अंतर्गत कड़े कानूनी प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट। बीरेंद्र सिंह कुशवाह




