जी भारत न्यूज24
ग्वालियर | 26 मार्च 2026 ग्वालियर जिला प्रशासन सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अपनी मुहिम को और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में आज, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के सख्त निर्देश पर राजस्व और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शहर से सटे शंकरपुर ग्राम में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
2 करोड़ रुपए की बेशकीमती जमीन मुक्त
शंकरपुर ग्राम के अंतर्गत आने वाली लगभग एक बीघा बेशकीमती सरकारी जमीन, जिस पर अवैध कब्जा किया गया था, उसे मशीनों की मदद से पूरी तरह हटा दिया गया है। प्रशासन द्वारा इस जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
पानी की टंकी के लिए थी आरक्षित
अतिक्रमण मुक्त कराई गई यह जमीन नगर निगम की पानी की टंकी के निर्माण के लिए आरक्षित थी। स्थानीय लोगों ने इस पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था, जिससे पानी की टंकी का निर्माण कार्य बाधित हो रहा था।
अतिक्रामकों पर होगी कानूनी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी जमीन से अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ, अब अतिक्रामकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
“सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।” — जिला प्रशासन, ग्वालियर




