जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव।
कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ मार्ग पर ग्राम सुरसेनी के निकट अनियंत्रित बाइक लोडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार दम्पति गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सहायता से घायल दंपति को यहां के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला के पति को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के ग्राम हरिनाम खेड़ा के मजरा बंजरिया निवासी निवासी लालता प्रसाद (50) बुधवार सुबह अपनी बीमार पत्नी कुसुमा देवी (45) को बाइक से लेकर यहां के एक चिकित्सक के पास दवा लेने आ रहा था। रास्ते में कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुरसेनी के निकट मेला बाग के पास सड़क के किनारे मोड़ पर खड़े ई रिक्शा लोडर से बाइक टकराकर पलट गई । घटना में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों की सहायता से यहां सीएचसी लाया गया। यहां के चिकित्सक ने कुसुमा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर घायल लालता प्रसाद को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। मृतका के तीन बेटे रामकिशोर, रामबाबू दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। वही छोटा बेटा रामकुमार जो पैरों से दिव्यांग है तथा दो बेटी अनीता व अग्यावती साथ में घर पर रहती हैं। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है।




