जी भारत न्यूज24
कुरार नदी का जलस्तर बढ़ने से टापू पर फंसे थे ग्रामीण; मोटरबोट से चला रातभर रेस्क्यू अभियान!
मऊरानीपुर, झांसी (उत्तर प्रदेश) | देवेश प्रताप सिंह राठौर:
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले की तहसील मऊरानीपुर अंतर्गत ग्राम धायपुरा से गुज़रने वाली कुरार नदी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते अचानक जलस्तर बढ़ गया। नदी में अचानक आए उफान के कारण बीच टापू पर दो महिलाओं समेत 6 ग्रामीण फंस गए। दिनभर नदी के बीच फंसे रहने के बाद देर रात सेना, पुलिस और तहसील प्रशासन के संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
रात के अंधेरे में उफनती नदी में उतरी सेना
ग्रामीणों के दिनभर से नदी के टापू पर फंसे होने की सूचना मिलते ही एसडीएम मऊरानीपुर मनोज कुमार पुलिस और भारतीय सेना की विशेषज्ञ टीम के साथ देर रात मौके पर पहुंचे। पानी के तेज बहाव और रात के अंधेरे के बीच उफनती नदी में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
मोटरबोट की मदद से निकाला सुरक्षित
कड़ी मशक्कत और जोखिम के बीच सेना के जवानों ने मोटराइज्ड नाव (मोटरबोट) की मदद से नदी के बीचों-बीच फंसे 2 महिलाओं और 4 पुरुषों तक पहुंच बनाई और सभी 6 लोगों को एक-एक कर किनारे पर सकुशल सुरक्षित निकाला। सभी ग्रामीणों के सुरक्षित बाहर आते ही परिजनों, ग्रामीणों के साथ-साथ तहसील प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
“लगातार बारिश से कुरार नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण बीच टापू पर फंस गए थे। सेना और पुलिस बल की मदद से रात में ही मोटरबोट के ज़रिए रेस्क्यू चलाकर दो महिलाओं और चार पुरुषों समेत सभी 6 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सभी पूरी तरह स्वस्थ हैं।”




