जी भारत न्यूज24
झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित प्रतिष्ठित बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी (BU) एक बार फिर विवादों के घेरे में है। यूनिवर्सिटी परिसर उस समय अखाड़ा बन गया जब मोबाइल टोकन को लेकर छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दर्जनों सुरक्षा गार्ड्स ने मिलकर एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत यूनिवर्सिटी परिसर में मोबाइल जमा करने के दौरान मिलने वाले टोकन को लेकर हुई। छात्र और सुरक्षा गार्ड्स के बीच शुरू हुई बहस देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि मौके पर भारी संख्या में गार्ड्स इकट्ठा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि करीब 10 से अधिक सुरक्षा गार्ड्स ने एक अकेले छात्र को घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की।
छात्र की हालत गंभीर, मेडिकल के लिए भेजा गया
गार्ड्स की पिटाई से छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद यूनिवर्सिटी में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में छात्र विरोध में उतर आए। घायल छात्र को तत्काल इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। छात्रों का कहना है कि सुरक्षा के नाम पर तैनात गार्ड्स खुद गुंडागर्दी पर उतारू हैं।
प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
यूनिवर्सिटी कैंपस में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। स्थानीय छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन अक्सर छात्रों के साथ होने वाले इस तरह के दुर्व्यवहार पर मौन साधे रहता है। कैंपस में आए दिन होने वाली ऐसी घटनाओं ने छात्रों के बीच असुरक्षा और प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी पैदा कर दी है।
जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, सवाल अब भी बरकरार है कि क्या वाकई दोषियों पर गाज गिरेगी या हर बार की तरह मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?
रिपोर्ट: देवेश प्रताप सिंह राठौर




