जी भारत न्यूज24
उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने कथित लेडी डॉन दिव्या अवस्थी और उसके गैंग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने उसके आवासीय प्लाट पर कब्जा कर लिया है और कब्जा छोड़ने के एवज में दो लाख रुपये “गुंडा टैक्स” की मांग कर रही हैं। पीड़ित के अनुसार पैसे न देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई है। पीड़ित ने बताया कि ग्रामसभा मझरा पीपरखेड़ा गैर-एहतमाली, परगना हड़हा में स्थित 41.82 वर्गमीटर का प्लाट उसने 18 नवंबर 2024 को सावित्री देवी पत्नी विनय कुमार से खरीदा था। प्लाट पर उसने नींव और बाउंड्री भी बनवा ली थी। कुछ दिन पूर्व जब वह अपने प्लाट पर पहुँची तो पाया कि नींव व बाउंड्री को गिराकर कब्जा कर लिया गया है। बता दे कि स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद उसे जानकारी मिली कि कब्जा कथित रूप से दिव्या अवस्थी, और उसके सहयोगी अपराधी नासिर दलाल, मोनू उर्फ लूटेरा, राघवेंद्र अवस्थी, अतुल दूबे, मिठ्ठू उर्फ सुनील गुप्ता, और सारिक ने किया है। पीड़िता का दावा है कि जब वह शिकायत लेकर दिव्या अवस्थी के फार्महाउस पहुँची, तो गैंग के लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और धमकाते हुए कहा कि “बिना भाभी को गुंडा टैक्स दिए कोई प्लाट नहीं बना सकता।” आरोप है कि दिव्या अवस्थी ने उससे दो लाख रुपये लाने को कहा और धमकी दी कि “पैसा न दिया तो प्लाट भूल जाओ, और दिखाई दी तो गंगा में फेंकवा दूँगी।” पीड़ित ने बताया कि वह गरीब परिवार से है और दैनिक मजदूरी कर के पैसे जोड़कर यह प्लाट खरीदा था। धमकियों से भयभीत होकर जब वह थाने पहुंची तो उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। अब पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों का आरोप है कि गैंग आसपास के कई प्लाटों पर भी इसी तरह कब्जा कर चुका है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, जबकि पीड़ित लगातार न्याय की मांग कर रही है।




