जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग मार्गों पर दुर्घटनाओं में एक छात्रा सहित तीन लोग गंभीर घायल हो गए। स्थानीय सरकारी अस्पताल द्वारा घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मध्यप्रदेश के शहर ग्वालियर अंतर्गत मोहल्ला दर्पण कालोनी निवासी कार्तिकेय सिंह 28 वर्ष पुत्र उपेन्द्र अपने घर से बाइक के जरिए लखनऊ आ रहा था। तभी रास्ते में आज़ सोमवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर स्थित किलोमीटर संख्या 232 पर अचानक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई l हादसे में बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची यूपीडा रेस्क्यू टीम ने सरकारी एम्बुलेंस द्वारा घायल को यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाज़ुक देखकर उसे हैलट कानपुर रेफर कर दिया। इसके अलावा आज़ सोमवार को सुबह कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ठकुरिया पुरवा निवासी राजाराम का बेटा दुर्गा प्रसाद 13 वर्ष अपने चाचा रंजीत के साथ ई-रिक्शा के जरिए बांगरमऊ से अपने गांव जा रहा था। तभी रास्ते में गांव रबड़ी मोड़ पर अचानक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा पलटते ही साइकिल से स्कूल आ रही ग्राम लतीफपुर निवासी रामसिंह की बेटी राधिका 12 वर्ष भी चपेट में आ गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार किशोर दुर्गा प्रसाद और साइकिल सवार किशोरी राधिका गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन आनन-फानन घायलों को यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाज़ुक देखकर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।




