जी भारत न्यूज24
उन्नाव। अजगैन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार देर रात एक हादसा हुआ। रेलवे लाइन पार करते समय सफाईकर्मी रामसजीवन धानुक (40) की वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रामसजीवन धानुक, पुत्र गंगाराम, भौली गांव, थाना अजगैन का निवासी था। वह मियागंज विकासखंड में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत था। ड्यूटी के कारण वह अजगैन रेलवे स्टेशन के सामने किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था। मंगलवार देर रात वह घर से कुछ सामान लेने निकला था और रेलवे लाइन पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान कानपुर से लखनऊ जा रही वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना रेलवे अधिकारियों और पुलिस को दी। जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटाकर जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना रेलवे लाइन लापरवाही से पार करने के कारण हुई। हादसे की सूचना मिलने पर रामसजीवन के परिवार में शोक छा गया। उसकी पत्नी प्रेमा, बेटे दीपू और मनीष, तथा बेटी सेजल का बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि रामसजीवन मेहनती स्वभाव का व्यक्ति था। जीआरपी थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




